Crime

पलामू पुलिस के सामने कुख्यात अपराधी डब्लू सिंह का आत्मसमर्पण

न्यूज़ लहर संवाददाता
पलामू : झारखंड सरकार की अपराध पर जीरो टॉलरेंस नीति और पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे अभियान में पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार की रात करीब 10:30 बजे कुख्यात अपराधकर्मी और संगठित गिरोह का सरगना डब्लू सिंह उर्फ गौतम सिंह ने पुलिस अधीक्षक, पलामू के समक्ष शहर थाना परिसर में आत्मसमर्पण कर दिया।

डब्लू सिंह, पिता स्वर्गीय रविन्द्र सिंह, मूल निवासी फुलांग, थाना लेस्लीगंज, जिला पलामू है और वर्तमान में कचरवा डेम के समीप, शहर थाना क्षेत्र में रहता था। यह अपराधी वर्ष 2005 से आपराधिक घटनाओं में सक्रिय रहा है और हत्या, रंगदारी समेत कई संगीन मामलों में संलिप्त रहा है। इसके खिलाफ पलामू, लातेहार और रांची जिलों में कुल 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वर्ष 2014 में इसे लातेहार से जेल भेजा गया था, लेकिन वर्ष 2018 में जेल से छूटने के बाद यह लगातार फरार होकर कई गंभीर अपराधों को अंजाम देता रहा। फिलहाल यह शहर थाना क्षेत्र में हत्या और रंगदारी जैसे चार गंभीर मामलों में वांछित था।

डब्लू सिंह के खिलाफ सदर थाना, शहर थाना, विश्रामपुर, पाटन, लेस्लीगंज, लातेहार और रांची जिले के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, अपहरण, अवैध हथियार रखने और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में केस दर्ज हैं। इनमें कई संगीन मामले 2005 से लेकर 2017 तक लगातार दर्ज होते रहे।

हाल के वर्षों में भी इसके खिलाफ कई मामले लंबित रहे हैं। शहर थाना में वर्ष 2020 से 2021 के बीच दर्ज हत्या, रंगदारी और फर्जीवाड़े से जुड़े चार गंभीर मामलों में यह फरार चल रहा था।

पलामू पुलिस ने लगातार दबिश, रणनीति और अपराधियों के खिलाफ कड़े रुख से काम करते हुए इस कुख्यात अपराधी को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर कर दिया। पुलिस का मानना है कि यह आत्मसमर्पण प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि है।

Related Posts