जमशेदपुर में पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने दी श्रद्धांजलि, कहा– रामदास सोरेन का निधन झारखंड की राजनीति के लिए बड़ी क्षति

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। मंगलवार को पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू जमशेदपुर पहुंचे और घोड़ाबांधा स्थित झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन के आवास पर जाकर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने स्व. सोरेन के पुत्र और परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। मौके पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
मंत्री सोनू ने कहा कि रामदास सोरेन की सादगी, सहज स्वभाव और मुस्कुराता चेहरा हमेशा लोगों को प्रेरित करता था। उन्होंने झारखंड की शिक्षा व्यवस्था और आदिवासी समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मंत्री ने कहा कि उनके निधन से केवल झामुमो ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है।
उन्होंने याद करते हुए कहा कि रामदास सोरेन उम्र में बड़े होने के कारण सभी उन्हें दादा कहकर संबोधित करते थे। मंत्रिमंडल में वे हमेशा सहयोगी रहे और विकास को लेकर कई बार चर्चाएं होती थीं। मंत्री सोनू ने आश्वस्त किया कि झामुमो की परंपरा रही है कि वह अपने नेता के परिवार को कभी अकेला नहीं छोड़ता, और संगठन हर परिस्थिति में रामदास सोरेन के परिवार के साथ खड़ा रहेगा।