खेत में काम कर रही महिला की वज्रपात से मौत, परिवार में छाया मातम

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत चुनीडीह गांव में मंगलवार को खेत में काम कर रही महिला की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, चुनीडीह निवासी निमाई सिंह की पत्नी गुणी सिंह सरदार (32) दोपहर करीब 1 बजे अपने धान के खेत में खरपतवार की निराई-गुड़ाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली उनके ऊपर आ गिरी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें वाहन की व्यवस्था कर करीब 3 बजे एमजीएम अस्पताल, डिमना पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान शाम 4 बजे उनकी मौत हो गई।
मृतका के पति निमाई सिंह ने बताया कि घटना के समय वे खेत में अकेले ही काम कर रही थीं। अचानक वज्रपात होने से वह जमीन पर गिर गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं।
गुणी सिंह सरदार अपने पीछे 12 वर्षीय पुत्र धीरेन सिंह और 8 वर्षीय पुत्री नमिता सिंह को छोड़ गई हैं। परिजनों ने बताया कि बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।