पलामू पुलिस को बड़ी सफलता, संगठित अपराध गिरोह के चार सदस्य हथियार और रंगदारी की रकम के साथ गिरफ्तार

न्यूज़ लहर संवाददाता
पलामू। जिला पुलिस ने संगठित अपराध और रंगदारी वसूली करने वाले गिरोह पर करारी चोट करते हुए चार कुख्यात अपराधियों को हथियार और रंगदारी की रकम के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 18 अगस्त की रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर काम कर रही कंपनियों से लेवी वसूलने के इरादे से तीन से चार अपराधी मोटरसाइकिल पर हथियार लेकर फायरिंग की योजना बना रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक को जैसे ही सूचना मिली, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, पलामू के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान सा० पोखराहा अकड़ाही आहर नेशनल हाईवे के पास दो मोटरसाइकिल पर चार संदिग्ध व्यक्ति पकड़े गए। तलाशी में उनके पास से एक देसी और एक विदेशी पिस्टल, 50 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल (जिनमें से दो चोरी की थीं और एक सिंगरा गोलीकांड में प्रयुक्त हुई थी) तथा लेवी की वसूली से प्राप्त 22 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सहजाद आलम (ग्राम लाल कोठा, पलामू), साहिल कुमार (कुम्हार टोली, पलामू), रोहित कुमार (अंबेडकर नगर, पलामू) और फरहान कुरैशी उर्फ शैलु कुरैशी (साहपुर, चैनपुर, पलामू) के रूप में हुई है। चारों अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी पुलिस ने उजागर किया है। सहजाद आलम पर 2019 में हत्या का मामला दर्ज है। रोहित कुमार पर 2024 में चैनपुर थाना में हत्या का मामला दर्ज है। वहीं फरहान कुरैशी पर दिसंबर 2024 में आर्म्स एक्ट से संबंधित दो मामले दर्ज हैं।
पकड़े गए अपराधियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि 4 जुलाई 2025 को ग्राम सिंगरा के फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर गोलीकांड को इन्हीं लोगों ने अंजाम दिया था। इस हमले में एक मजदूर घायल हुआ था। अपराधियों ने यह हमला गैंगस्टर राहुल सिंह के आदेश पर किया था और उसी द्वारा उपलब्ध कराए गए हथियार का इस्तेमाल किया गया था। इस घटना में प्रयुक्त हथियार और बाइक भी बरामद कर लिए गए हैं।
गिरफ्तारी के बाद सदर थाना में कांड संख्या 86/2025 दिनांक 19 अगस्त 2025 दर्ज किया गया है। अभियोग भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत पंजीकृत किया गया है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मणिभूषण प्रसाद, पुलिस निरीक्षक सुरेश राम, सदर थाना प्रभारी लाल जी, चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा सहित कई अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।
पलामू पुलिस का यह अभियान संगठित अपराध और लेवी वसूली में लिप्त गिरोहों के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।