Regional

पूर्वी सिंहभूम में 73 हज़ार से अधिक अपात्र राशन कार्डधारियों के नाम हटाए गए

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में अपात्र राशन कार्डधारियों की पहचान और नाम हटाने की प्रक्रिया तेजी से की जा रही है। मंगलवार को जिला कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अब तक कुल 73,090 अपात्र लाभुकों के नाम राशन कार्ड से हटाए जा चुके हैं।

 

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार संदिग्ध आधार, RCMS, मौन राशन कार्ड सदस्य और डुप्लिकेट लाभुकों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फीकार अंसारी ने बताया कि जिले में कुल 22,975 संदिग्ध आधार प्रविष्टियों में से 20,067 नाम हटाए गए हैं, जबकि 2,746 का सत्यापन अभी जारी है।

 

RCMS श्रेणी (18 वर्ष से कम या 100 वर्ष से अधिक आयु वाले एकल सदस्य कार्डधारी) में दर्ज 16,399 प्रविष्टियों में से 2,274 नाम डिलीट किए गए हैं, 793 योग्य पाए गए हैं, जबकि 13,332 का सत्यापन जारी है।

 

इसी तरह, छह माह या उससे अधिक समय से राशन नहीं लेने वाले मौन राशन कार्डधारियों की कुल संख्या 1,64,237 पाई गई। इनमें से 50,323 को डिलीट किया गया है, 576 योग्य पाए गए हैं और 1,13,338 का सत्यापन शेष है। आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक मौन राशन कार्ड सदस्य जमशेदपुर शहरी क्षेत्र (68,565) और गोलमुरी-कम-जुगसलाई क्षेत्र (46,703) में पाए गए।

 

वहीं, डुप्लिकेट लाभुकों की कुल संख्या 25,321 रही, जिनमें से अब तक 426 नाम हटाए गए हैं, 4,009 योग्य पाए गए और 20,886 मामलों की जांच की जा रही है।

 

उपायुक्त ने कहा कि यह कार्रवाई केवल उन्हीं लाभुकों तक खाद्यान्न पहुंचाने के लिए की जा रही है जो वास्तविक रूप से पात्र हैं। उन्होंने सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया है ताकि पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।

Related Posts