राजीव गांधी की जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित, कांग्रेसजनों ने निकाला सद्भावना मार्च

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा। भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 81वीं जयंती बुधवार को चाईबासा में कांग्रेसजनों ने बड़े ही श्रद्धाभाव से मनाई। इस अवसर पर कांग्रेस भवन में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया और शहर में सद्भावना मार्च निकाला गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री देवेंद्र नाथ चंपिया ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को आधुनिकता की दिशा में आगे बढ़ाने का काम किया। संचार क्रांति और सूचना प्रौद्योगिकी को आमजन तक पहुंचाने का श्रेय उन्हीं को जाता है। कंप्यूटराइजेशन, टेलीकम्युनिकेशन क्षेत्र में क्रांति और जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना उनके दूरदर्शी नेतृत्व की देन है।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि राजीव गांधी ने स्थानीय स्वराज संस्थाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण दिलाने के साथ ही मतदाता की न्यूनतम आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की, जिससे युवाओं को लोकतंत्र की मुख्यधारा में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था लागू कर पंचायतों को सशक्त किया। राय ने कहा कि राजीव गांधी आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं और उनका बलिदान राष्ट्र के लिए हमेशा अनुकरणीय रहेगा।
इस मौके पर कांग्रेस जिला महासचिव कैरा बिरुवा, लियोनार्ड बोदरा, सचिव जानवी कुदादा, ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रंजीत यादव, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अनीष गोप, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, सोशल मीडिया चेयरमैन रवि कच्छप, मंडल अध्यक्ष सिंगराय गोप, वरीय कांग्रेसी राम सिंह सावैयां, विजय सिंह तुबिद, विक्रमादित्य सुंडी, नंद गोपाल दास, नगर उपाध्यक्ष मो. एहसान, महासचिव बिट्टू सिंह, झारखंड आंदोलनकारी जगदीश मंडल, कार्यालय सचिव सुशील दास सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।