हिरणपुर में मनाया गया विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस, बुजुर्गों के लिए जागरूकता और सम्मान कार्यक्रम आयोजित

पाकुड़: झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाकुड़ के तत्वाधान में हिरणपुर प्रखंड सभागार में विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर “अकेले नहीं हैं आप” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाकुड़ शेष नाथ सिंह के निर्देश पर सचिव रूपा बंदना किरो की उपस्थिति में हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव रूपा बंदना किरो, प्रखंड विकास पदाधिकारी टुडू दिलीप बीपीओ, ट्विंकल चौधरी और एक बुजुर्ग महिला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में सचिव रूपा बंदना किरो ने बताया कि विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस हर साल 21 अगस्त को मनाया जाता है, ताकि समाज में वरिष्ठ नागरिकों के योगदान को सम्मानित किया जा सके और उनके सामने आने वाली चुनौतियों जैसे स्वास्थ्य सेवा, दुर्व्यवहार, सामाजिक अलगाव आदि को उजागर किया जा सके। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को बुजुर्गों के अधिकारों और कानूनी सहायता के बारे में भी जानकारी दी। इसके अलावा नालसा की जागृति योजना, आशा इकाई योजना और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाकुड़ द्वारा उपलब्ध मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी साझा की गई।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बुजुर्गों के लिए सरकारी पेंशन और जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा उनका सम्मान भाव से व्यवहार करने के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में बुजुर्गों को सम्मान स्वरूप गुलाब भेंट किए गए।
मंच का संचालन इंडियन नेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष जेड.एच. विश्वास ने किया। इस दौरान पैरालीगल वॉलिंटियर्स उत्पल मंडल, मैनुल शेख, ग्रामीण माला सिन्हा, सानिया परवीन, मोनल कुमारी, नेहा कुमारी, जगत रानी देवी, रीमा दास, नेहा दास, पूर्णिमा सरदार, रूप विश्वास, योगिता सरकार, ज्योति सरदार सहित दूरदराज के ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।