Regional

कैरो में बारिश का कहर, घर ढहने से आधा दर्जन से अधिक मवेशी दबकर मरे

 

लोहरदगा: शुक्रवार की रात कैरो थाना क्षेत्र के नगड़ा गांव में तेज बारिश ने तबाही मचा दी। नगड़ा निवासी वरुण बैठा का कच्चा मकान लगातार हो रही बारिश से जर्जर होकर रात करीब 9 बजे अचानक ध्वस्त हो गया। घर के गिरते ही उसमें बंधे मवेशी मलबे में दब गए। इस हादसे में एक गाय, दो बछड़े और पांच से अधिक बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मलबे में और भी कई बकरियां दबकर फंसी हुई हैं, जिन्हें निकालने का प्रयास जारी है। मृत मवेशियों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
गनीमत रही कि हादसे के समय घर के लोग बाहर थे, जिससे किसी इंसानी जान का नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों ने मिलकर मलबा हटाने का काम शुरू किया और पशुओं को निकालने की कोशिश की। सूचना पाकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। गांव के लोगों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से कई घर जर्जर हो गए हैं और कभी भी गिरने की स्थिति में हैं। इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

Related Posts