लातेहार थाना प्रभारी अर्जुन सिंह सुंडी का निधन, पुलिस महकमे और समाज में शोक की लहर

चाईबासा: लातेहार थाना प्रभारी एवं चाईबासा के गुईरा गांव निवासी अर्जुन सिंह सुंडी का रांची के पारस अस्पताल में इलाज के दौरान कल शुक्रवार की संध्या आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग समेत पूरे समाज में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्व. सुंडी पूर्व भाजपा नेता विजय मेलगांडी के साले थे। उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने कहा कि अर्जुन सिंह सुंडी मृदुभाषी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे। वे समाज, कानून और संस्कृति के प्रति गहरी लगन रखते थे। जहां भी उन्होंने सेवा दी, वहां के लोगों से उनका व्यक्तिगत जुड़ाव बन गया था। पुलिसिंग के साथ-साथ वे सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते थे। उनका निधन पुलिस प्रशासन और समाज, दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है।
आदिवासी हो महासभा के अध्यक्ष इपिल सामड समेत सभी पदाधिकारियों ने गहरा दुख प्रकट किया है। महासभा के अनुसार, स्व. सुंडी के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं। उनके पिता का नाम हरिकृष्ण चंद्र मोहन सिंह सुंडी है। उन्होंने वर्ष 1995 में बिहार कैडेट के रूप में छपरा से सेवा में जॉइन किया था। झारखंड राज्य के गठन के बाद उन्होंने गोमिया (बोकारो) में कार्य किया और वर्तमान में लातेहार में क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थापित थे। उन्होंने बताया कि आज उनके अंतिम सत्कार में आदिवासी हो महासभा के महासचिव गब्बर सिंह हेंब्रम एवं संगठन सचिव के साथ अन्य पदाधिकारी गण शरीक हो रहे हैं।
स्व. अर्जुन सिंह सुंडी को रांची स्थित पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर और श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके उपरांत उनका पार्थिव शरीर चाईबासा स्थित उनके पैतृक गांव लाया गया है, जहां आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।