सदर प्रखंड प्रमुख कल्पना सुंडी का आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

चाईबासा: भाजपा के पूर्व सदर मंडल अध्यक्ष ब्राज़ील सुंडी की पत्नी और सदर प्रखंड प्रमुख कल्पना सुंडी का 35 वर्ष की आयु में आकस्मिक निधन का कल शुक्रवार रात्रि लगभग 9 से 9:30 बजे के बीच हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। समाज और क्षेत्र के विकास में समर्पित रहीं कल्पना सुंडी के निधन को प्रखंड की अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।
बताया गया कि वह पिछले एक सप्ताह से बीमार चल रही थीं। पहले उनका इलाज सदर अस्पताल में हुआ और बाद में मूंधड़ा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उनका ब्लड प्रेशर लगातार कम बना हुआ था और उन्हें असहनीय शारीरिक पीड़ा हो रही थी। इलाज के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके पैतृक गांव गुईरा (सदर प्रखंड) में आज अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कल्पना सुंडी के निधन पर कई राजनीतिक और सामाजिक नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने शोक प्रकट करते हुए कहा यह अत्यंत दुखद घटना है, कल्पना जी हमेशा अपने क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहीं। उन्होंने बीमारी में भी हिम्मत नहीं हारी, लेकिन ईश्वर की इच्छा के आगे किसी की नहीं चलती।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने भी शोक जताते हुए कहा कल्पना सुंडी का इस उम्र में जाना बहुत ही पीड़ादायक है। वे न सिर्फ समाज की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, बल्कि एक बच्चे की मां भी थीं।
भाजपा नेत्री गीता बालमुचू ने कहा कल्पना जी एक मिलनसार और संघर्षशील महिला थीं। उनके निधन से हम सभी को गहरा दुख हुआ है।”
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें।