ग्राम स्तर पर संगठन को मजबूत करने कांग्रेस का अभियान तेज, तीन पंचायतों में कमेटियों का विस्तार और नियुक्ति पत्र वितरण

जमशेदपुर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी और पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के संयुक्त आह्वान पर चल रहे संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी ने जमशेदपुर ग्रामीण प्रखंड के बागबेड़ा मंडल एवं करनडीह-घाघीडीह मंडल क्षेत्र के अंतर्गत तीन पंचायतों में कांग्रेस कमेटियों का रविवार को विस्तार करते हुए नए पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस कार्यक्रम का आयोजन ग्राम स्तर पर संगठन को सशक्त और सक्रिय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
संगठन सृजन बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस के जिला पर्यवेक्षक ज्योति सिंह मथारू तथा पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे शामिल हुए। बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष दुबे ने सभी प्रखंड और मंडल पदाधिकारियों से परिचय कराते हुए कहा कि कांग्रेस अब सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तहत कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ता अब पंचायतों तक पहुँच रहे हैं ताकि आमजन से सीधा संवाद स्थापित हो सके और स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाया जा सके।
मुख्य अतिथि मथारू ने अपने उद्बोधन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि वे देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर हैं, और अब ग्राम स्तर पर पदाधिकारियों की जिम्मेदारी बनती है कि वे जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों को साझा करें और लोगों की समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब वे संगठन के मजबूत स्तंभ बनकर कार्य करें।
बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड पर्यवेक्षक अखिलेश सिंह यादव, बागबेड़ा मंडल पर्यवेक्षक महेंद्र कुमार पांडेय तथा जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष आशीष ठाकुर ने की। वहीं, अतिथियों का स्वागत बागबेड़ा मंडल अध्यक्ष राजनारायण यादव, करनडीह-घाघीडीह मंडल अध्यक्ष रंजन सिंह, टाटानगर मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र उर्फ मुन्ना तथा मंडल पर्यवेक्षक सुरज मुंडा ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम के दौरान बागबेड़ा मध्य ग्राम पंचायत, बागबेड़ा कॉलोनी ग्राम पंचायत और पश्चिम किताडीह ग्राम पंचायत में कांग्रेस कमेटियों का विस्तार करते हुए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री समेत अन्य पदों पर जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं और नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस आयोजन के माध्यम से कांग्रेस पार्टी ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि वह जमीनी स्तर पर संगठन को पुनः खड़ा करने और आमजन से जुड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में जिले के अन्य पंचायतों में भी इसी प्रकार संगठन सृजन बैठक आयोजित कर विस्तार की प्रक्रिया को गति दी जाएगी, ताकि कांग्रेस को पुनः एक मजबूत जनआधारित संगठन के रूप में खड़ा किया जा सके।