कांग्रेस संगठन सृजन अभियान : पंचायत कमेटी व BLA-2 गठन तेज करने पर जोर

जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने की, जिसमें विभिन्न प्रखंड पर्यवेक्षक शामिल हुए। इस दौरान पंचायत कमेटी, बूथ कमेटी और BLA-2 के गठन को द्रुतगति से पूरा करने का निर्णय लिया गया।
दुबे ने कहा कि प्रखंड और मंडल अध्यक्ष लगातार पंचायतों का दौरा कर जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को संगठन में जोड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि BLA-2 के लिए सक्रिय और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। जहां पंचायत नहीं है, वहां वार्ड कमेटी और BLA-2 गठन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। बैठक में साकची, पटमदा, मानगो, टेल्को, पोटका, घाटशिला, बोडाम, गोलमुरी, बिरसानगर, चाकुलिया और जुगसलाई प्रखंडों के पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
इसी कड़ी में दामपाड़ा मंडल के हुरलुंग गांव में एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता घाटशिला प्रखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बुढ़ान मुर्मू ने की और पूर्व सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू मुख्य अतिथि रहे। जिलाध्यक्ष दुबे ने कहा कि पंचायत कांग्रेस कमेटी और BLA-2 में जिम्मेदारी लेने वाले पदाधिकारी संगठन को मजबूत और धारदार बनाएंगे। उन्होंने पदाधिकारियों को कांग्रेस की विचारधारा, राहुल गांधी के संविधान बचाओ अभियान और जनसमस्याओं को संगठन स्तर पर उठाने का प्रशिक्षण दिया।
डॉ. बलमुचू ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को समझने और समाधान हेतु प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस चुनाव में 18 से 35 वर्ष के युवाओं को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए ताकि संगठन में नई ऊर्जा का संचार हो।
कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि जनता से जुड़कर संगठन को मजबूत करना ही राष्ट्र को मजबूत बनाने की दिशा में सबसे अहम कदम है।