Regional

जमशेदपुर में विहंगम योग संस्थान का 102वाँ वार्षिक महोत्सव, नवंबर में होगा भव्य आयोजन

 

जमशेदपुर। विहंगम योग संस्थान आगामी 25 और 26 नवंबर 2025 को अपने 102वें वार्षिक महोत्सव का आयोजन “समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव” के रूप में करेगा। यह जानकारी मंगलवार को 8 जुबली रोड स्थित संस्थान के कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में संस्थान की सलाहकार नगीना सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि 4 सितंबर 2025 को बिष्टुपुर स्थित नारभेराम हंसराज स्कूल सभागार में संध्या 5 बजे से विशेष कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस अवसर पर विहंगम योग संस्थान के सद्दगुरु उत्तराधिकारी संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज आगामी अध्यात्म महोत्सव से संबंधित विस्तृत जानकारी देंगे।

नगीना सिंह ने बताया कि वाराणसी में 25 हजार कुंडीय वैदिक महायज्ञ इस महोत्सव के अंतर्गत प्रायोजित किया गया है। संत प्रवर विज्ञानदेव जी वर्तमान में इस कार्यक्रम के लिए जन-जागरण अभियान पर हैं। वे अपने प्रवास के दौरान विहंगम योग की जीवन में शांति और संतुलित विकास हेतु आवश्यकता पर प्रकाश डालेंगे।

कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज 1 सितंबर से 7 सितंबर तक झारखंड प्रवास पर रहेंगे। वे रामगढ़ से सीधे 4 सितंबर को जमशेदपुर पहुँचेंगे और अगले दिन रांची के लिए प्रस्थान करेंगे।

प्रेसवार्ता में नगीना सिंह ने जमशेदपुरवासियों से अपील की कि वे इस अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लाभ उठाएँ। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में पूरे कोल्हान क्षेत्र से हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित है।

प्रेसवार्ता में कार्यक्रम प्रभारी सह सरायकेला-खरसावां संयोजक शंभू पंडित, पूर्वी सिंहभूम संयोजक विजेंद्र उपाध्याय, समाज कल्याण दक्षिण झारखंड के रवि सिंह, रोहित कुमार, संदीप रंजन, महावीर विद्यार्थी, नागेंद्र शर्मा, सुशील शर्मा, एन.के. सिंह और कुबेर शर्मा भी मौजूद थे।

Related Posts