रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार को मिलेगा राष्ट्रीय पदक, रेलवे बोर्ड नई दिल्ली में होगा सम्मान समारोह

जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के टाटानगर मंडल के रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार को नागरिक सुरक्षा क्षेत्र में उनके विशेष योगदान के लिए भारत सरकार गृह मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय पदक और प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें 10 सितंबर 2025 को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा, जिसकी मेज़बानी भारत सरकार के रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड द्वारा की जा रही है।
दक्षिण पूर्व रेलवे से राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाले संतोष कुमार अकेले सदस्य हैं। उनके कार्यों में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना, नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करना और टीम भावना को प्रोत्साहित करना शामिल है। उनके नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने न केवल आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता विकसित की है, बल्कि सामूहिक सहयोग की भावना को भी अपनाया है।
संतोष कुमार की कार्यशैली और निष्ठा ने उन्हें न केवल चक्रधरपुर मंडल बल्कि पूरे दक्षिण पूर्व रेलवे में एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया है। वह समय-समय पर रेलवे स्टेशनों, स्कूलों, कॉलेजों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मॉक ड्रिल और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण आयोजित करते रहते हैं। इसके अलावा उन्होंने झारखंड सरकार के अंतर्गत लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान मतदाता जागरूकता अभियानों में भी अहम भूमिका निभाई है। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न केंद्रों में आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देकर सरकारी कार्यों को सरल बनाने में सहयोग किया है।
संतोष कुमार को इससे पूर्व भी कई महत्वपूर्ण सम्मानों से नवाज़ा जा चुका है। वर्ष 2024 में गार्डेन रीच, कोलकाता में आयोजित 69वें रेलवे सप्ताह के अवसर पर उन्हें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा उन्हें पीसीएसओ अवार्ड 2022, सीनियर एसडीजीएम अवार्ड 2018, और तीन बार डीआरएम अवार्ड (2002, 2005, 2007) मिल चुका है। वह दो बार सिनियर डीईई अवार्ड (2010, 2017) से भी सम्मानित हो चुके हैं।
उनकी कार्यकुशलता के मद्देनज़र दक्षिण पूर्व रेलवे ने उन्हें महाराष्ट्र के नागपुर स्थित एनडीआरएफ एकेडमी और सिविल डिफेंस कॉलेज से डिजास्टर मैनेजमेंट, वर्टिकल रोप रेस्क्यू, टीओटी जैसे महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिलवाए हैं। उन्होंने भारत सरकार की लेबर मिनिस्ट्री के वर्कर एजुकेशन बोर्ड से पर्सनालिटी डेवलपमेंट का प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन, बाजार, पेट्रोल पंप, स्कूल-कॉलेज आदि में जाकर लगभग 18,000 नागरिकों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण दिया। साथ ही, दक्षिण पूर्व रेलवे के करीब 10,000 लोको पायलटों को भी लगातार आपदा राहत कार्यों का प्रशिक्षण देते आ रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर गार्डेन रीच स्थित महाप्रबंधक कार्यालय सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है। उप महाप्रबंधक (सामान्य) सह नागरिक सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता समेत अन्य अधिकारियों ने उनके समर्पण और परिश्रम की सराहना की है।
यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल संतोष कुमार की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह दक्षिण पूर्व रेलवे और रेलवे परिवार के लिए भी गौरव का विषय है। उनकी यह सफलता रेलवे कर्मचारियों और नागरिक सुरक्षा के क्षेत्र से जुड़े अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।