बागबेड़ा में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, फंदे से लटकता मिला शव – बेटे ने लगाया हत्या का आरोप

जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना अंतर्गत जेपी रोड निवासी 33 वर्षीय महिला सुनीता पात्रो का शव उनके कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुनीता पात्रो करीब डेढ़ साल से अनिल सिंह के मकान में किराये पर रह रही थीं और इसी दौरान वह शैलेंद्र कुमार सिंह के साथ रह रही थीं। मृतका के बेटे राज पात्रो ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि उसकी मां ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उनकी हत्या की गई है। राज ने शैलेंद्र कुमार सिंह पर शक जताते हुए बताया कि घटना से पहले दोनों के बीच मंगलवार को झगड़ा हुआ था।
सूत्रों के मुताबिक, सुनीता अपने पति से अलग रह रही थीं और पिछले डेढ़ साल से शैलेंद्र के साथ रह रही थीं। बेटे की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शैलेंद्र कुमार सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।