बोकारो में फूड प्वाइजनिंग से दो की मौत, एक ही परिवार के छह लोग अस्पताल में भर्ती

बोकारो। बालीडीह ओपी थाना क्षेत्र के मानगो कर्मागोड़ा से फूड प्वाइजनिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बुधवार रात दाल-भात, साग, आलू और करेले की भुजिया खाने के बाद एक ही परिवार के छह सदस्य अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गए। इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।
जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले नरेश मुर्मू को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई थी। परिजन तत्काल उन्हें बोकारो सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। इसके कुछ ही देर बाद परिवार के अन्य सदस्य भी बीमार पड़ गए। अस्पताल में इलाज के दौरान लोबिन मांझी और उनके पुत्र नरेश मुर्मू ने दम तोड़ दिया। वहीं दुलारी देवी, वकील मुर्मू, सोमली मुर्मू, सुहागी कुमारी और डेढ़ साल का अरुण मुर्मू गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
सदर अस्पताल के डॉक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि मरीजों में फूड प्वाइजनिंग के स्पष्ट लक्षण मिले हैं। हालांकि, मामले की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खाने-पीने की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
गांव के मुखिया रामलाल मांझी ने कहा कि घटना बेहद दुखद है और प्रशासन से जल्द जांच पूरी कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की।