Regional

कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत चाईबासा में जिलाध्यक्ष चयन प्रक्रिया की घोषणा

 

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान 2025 के तहत जिलाध्यक्ष चयन प्रक्रिया को लेकर बुधवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एवं मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सह पूर्व सांसद सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दिशा-निर्देशन में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिलाध्यक्ष चयन की प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक और पारदर्शी तरीके से की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पश्चिम सिंहभूम जिले में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के प्रखंड स्तर पर जाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सामूहिक और व्यक्तिगत रूप से संवाद किया जाएगा। इसके साथ ही जिलाध्यक्ष पद के इच्छुक प्रत्याशियों से आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे। संगठन के अन्य पदाधिकारियों से भी राय ली जाएगी तथा सभी दावेदारों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा की जाएगी।

 

श्री वर्मा ने आगे कहा कि संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए जाएंगे। प्रयास रहेगा कि दावेदारों में से सर्वसम्मति से किसी एक नाम का चयन हो। हालांकि अंतिम निर्णय हाईकमान द्वारा लिया जाएगा, जिसके लिए सर्वाधिक सहमति प्राप्त नामों को प्रस्तावित किया जाएगा।

इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू, सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गुंजन सिंह ने भी प्रेस वार्ता को संबोधित किया।

प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक देवेन्द्र नाथ चाम्पिया, वर्तमान जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Posts