पंजाब बाढ़ राहत के लिए चाईबासा गुरुद्वारा में सुखमनी साहिब का पाठ और 21 हजार की सहायता राशि का संकल्प
चाईबासा: पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ को देखते हुए चाईबासा स्थित गुरुद्वारा नानक दरबार में बुधवार को समूची साध संगत ने मिलकर सुखमनी साहिब का पाठ किया। यह पाठ दोपहर 4 बजे से 5 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें पंजाब की चढ़दी कला, जन-जन की सुख-शांति एवं बाढ़ राहत के लिए अरदास की गई।
बाढ़ से पंजाब में व्यापक पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है, जिसे देखते हुए श्री गुरु सिंह सभा, चाईबासा और सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC), जमशेदपुर के आह्वान पर सहायता अभियान शुरू किया गया है।
चाईबासा गुरुद्वारा सहित कोल्हान क्षेत्र के लगभग 40 गुरुद्वारे CGPC जमशेदपुर में पंजीकृत हैं। समिति के प्रधान भगवान सिंह जी के आह्वान पर सभी गुरुद्वारे पंजाब के मुख्यमंत्री राहत कोष में सहायता राशि भेजने हेतु CGPC के बैंक खाते में योगदान देंगे। वहां से एकत्रित राशि एकमुश्त पंजाब सरकार को भेजी जाएगी।
इस क्रम में गुरुद्वारा नानक दरबार, चाईबासा द्वारा राहत कोष हेतु 21,000 रुपये की राशि CGPC जमशेदपुर को बैंक माध्यम से गुरुवार को भेजी जाएगी।
श्री गुरु सिंह सभा, चाईबासा के अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने झारखंडवासियों से अपील की है कि वे भी यथाशक्ति पंजाब के मुख्यमंत्री राहत कोष में आर्थिक सहायता भेजने की कृपा करें, ताकि संकट की इस घड़ी में अधिक से अधिक लोगों की मदद की जा सके।