जमशेदपुर में बढ़ते आपराधिक घटनाओं पर भाजपा ने शासन-प्रशासन पर बोला हमला, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा- औद्योगिक नगरी में अपने जान-माल की सुरक्षा के लिए तरस रहे लोग

जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर में अपराध की घटनाएँ बेकाबू हो चुकी हैं, शहर में लगातार दूसरे दिन हुई सनसनीखेज लूट ने शहर की ध्वस्त कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। बुधवार को सोनारी थाना क्षेत्र में वर्धमान ज्वैलर्स में दिनदहाड़े छह हथियारबंद अपराधियों ने लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए और दुकान मालिक को पिस्तौल की बट से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके अगले ही दिन, गुरुवार को बिष्टुपुर गुरुद्वारा के समीप दिन के उजाले में व्यवसायी साकेत अग्रवाल से अपराधियों ने बंदूक के दम पर 30 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। शहर में बढ़ते आपराधिक घटनाओं पर भाजपा ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार पर कड़ा हमला बोला है। जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने इन घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जमशेदपुर में अपराधियों का दुस्साहस चरम पर है। सोनारी में वर्धमान ज्वैलर्स में हुई लाखों की लूट और बिष्टुपुर में व्यवसायी से 30 लाख की लूट साबित करती है कि पुलिस प्रशासन अपराधियों के आगे पूरी नतमस्तक हो गए हैं। यह शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि एक औद्योगिक नगरी, जो देश की आर्थिक प्रगति की रीढ़ है, वहाँ व्यापारी और आम नागरिक अपनी मेहनत की कमाई और जान की सुरक्षा के लिए प्रतिदिन संघर्ष कर रहे हैं। दिनदहाड़े गोलीबारी और लूट की वारदातें पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता और सरकार की नाकामी का जीता-जागता सबूत हैं। झामुमो-कांग्रेस-राजद की गठबंधन सरकार अपराधियों को संरक्षण देने में मशगूल है।
सुधांशु ओझा ने मांग करते हुए कहा कि दोनों घटनाओं के दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और पुलिस प्रशासन को जवाबदेह बनाया जाए। यदि सरकार और प्रशासन ने जल्द ही अपराध पर नियंत्रण नहीं किया, तो भाजपा सड़कों पर उतरकर जनता का साथ लेकर इस अराजकता के खिलाफ जोरदार आंदोलन करेगी। कहा कि भाजपा लौहनगरी को भयमुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।