भाजपा गोविंदपुर मंडल की बैठक में ग्रामीणों की समस्याएं उठीं, न्यूवोको सीमेंट कंपनी पर लापरवाही के आरोप

जमशेदपुर। भाजपा गोविंदपुर मंडल की ओर से रविवार को गदरा बस्ती में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें किसानों और स्थानीय ग्रामीणों ने न्यूवोको सीमेंट कंपनी के खिलाफ अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष पवन सिंह ने की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा फैलाई जा रही सीमेंटयुक्त धूल और विषैले पानी से खेती और पशुपालन बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। पेड़-पौधे नष्ट हो रहे हैं और अधिकांश लोग प्रदूषणजनित बीमारियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियां भी तेजी से फैल रही हैं, जबकि सड़क, नाली, जल निकासी और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी बुनियादी जरूरतों की अनदेखी की जा रही है। कई परिवारों ने गंभीर बीमारियों में अपनों को खोया, लेकिन कंपनी की ओर से चिकित्सा सुविधा तक उपलब्ध नहीं कराई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि भाजपा केवल आंदोलन की राजनीति नहीं करती, बल्कि जनता के हक की लड़ाई लड़ती है। यदि कंपनी ने शीघ्र ही कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत विकास कार्य शुरू नहीं किए तो पार्टी बड़े जनआंदोलन और कंपनी का गेट जाम जैसे कठोर कदम उठाने पर मजबूर होगी। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश हांसदा ने कहा कि मांगने से कुछ नहीं मिलता, इसके लिए आंदोलन करना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कंपनी ने समस्याओं का समाधान नहीं किया तो भाजपा कंपनी का हुक्का-पानी बंद करने तक आंदोलन करेगी।
पवन सिंह ने कहा कि कंपनी को चेतावनी देने के लिए यह बैठक आयोजित की गई है। अगर रवैया नहीं बदला तो मशाल जुलूस और गेट जाम किया जाएगा। भाजपा जिला मंत्री पप्पू सिंह, जितेंद्र राय और विजय तिवारी ने कहा कि कंपनी भाजपा को हल्के में ले रही है, लेकिन इस रवैये का उसे बड़ा खामियाजा भुगतना होगा।
इस अवसर पर जिला ओबीसी मोर्चा मंत्री अवधेश शाह, मंडल महामंत्री सतीश सक्सेना, राकेश सिंह, सोशल मीडिया प्रभारी उदय मिश्रा, महिला मोर्चा अध्यक्ष गौरी सिंह, मनन सिंह और सरोज समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कार्यकर्ताओं ने किया और धन्यवाद ज्ञापन उदय मिश्रा ने दिया। बैठक में सर्वसम्मति से तय हुआ कि यदि कंपनी ने जिम्मेदारी पूरी नहीं की तो उसका गेट अनिश्चितकालीन जाम किया जाएगा।