Regional

मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ा कदम

 

रांची: राज्य सरकार ने पूर्वी सिंहभूम जिले के मानगो को नया पुलिस अनुमंडल बनाने की मंजूरी दे दी है। सोमवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई। इस निर्णय को अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

बैठक में मुख्य सचिव ने डीजीपी को निर्देश दिया कि राज्य के सभी जिलों की विधि-व्यवस्था संबंधी जरूरतों का आकलन कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कराई जाए। उन्होंने कहा कि इससे अपराध ग्राफ, उसके ट्रेंड, मौजूदा संसाधनों और आगे की आवश्यकताओं से जुड़ा समुचित डेटा उपलब्ध होगा, जिससे संसाधनों का सही बंटवारा कर अपराधों की रोकथाम को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।

गृह सचिव वंदना डाडेल ने बताया कि मानगो में बढ़ते आर्थिक अपराधों, नारकोटिक्स से जुड़े मामलों और विविध आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए वहां नया अनुमंडल बनाना जरूरी हो गया था। वर्तमान में पूर्वी सिंहभूम जिले में जमशेदपुर (मुख्यालय) और पटमदा पुलिस अनुमंडल कार्यरत हैं, लेकिन मानगो एवं उसके आसपास अपराध का दायरा और जनसंख्या घनत्व लगातार बढ़ रहा था।

डीजीपी अनुराग गुप्ता ने जानकारी दी कि नए अनुमंडल में उत्क्रमित थाना मानगो, आजादनगर और ओलीडीह ओपी को जमशेदपुर (मुख्यालय) एवं पटमदा अनुमंडल से अलग कर शामिल किया जाएगा। वहीं वित्त सचिव प्रशांत कुमार और कार्मिक सचिव प्रवीण टोप्पो ने अपने-अपने विभागों से जुड़े बिंदुओं को रखते हुए समिति से अनुमोदन प्राप्त किया।

इस बैठक में राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव चंद्रशेखर, ग्रामीण विकास सचिव के. श्रीनिवासन और आईजी नरेन्द्र कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

Related Posts