Regional

राजनगर प्रखंड कार्यालय में रहस्यमयी रोशनी: सीसीटीवी में कैद हुआ अद्भुत नजारा, रहस्य बना रोमांच

 

 

राजनगर।सरायकेला-खरसावां जिला स्थित राजनगर प्रखंड कार्यालय बीते शुक्रवार रात अचानक रहस्य और रोमांच का केंद्र बन गया। यहां के सीसीटीवी फुटेज में एक ऐसी घटना कैद हुई, जिसने कर्मचारियों से लेकर आम लोगों तक को हैरत में डाल दिया।

दरअसल, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मलय कुमार शनिवार दोपहर फुटेज देख रहे थे। तभी उनकी नजर शुक्रवार रात के उस दृश्य पर पड़ी, जिसमें करीब 9:30 बजे कार्यालय परिसर में अचानक एक तेज़ रोशनी घूमती हुई दिखाई दी। कुछ ही देर बाद वह गायब हो गई, मगर आश्चर्य की बात यह रही कि आधी रात करीब 12:57 बजे तक यह रोशनी कई बार दोबारा लौटती रही।

जैसे ही यह फुटेज सामने आया, पूरे परिसर में चर्चा का दौर शुरू हो गया। कर्मचारियों के बीच सवाल गूंजने लगे—क्या यह कैमरे की तकनीकी गड़बड़ी है, कोई प्राकृतिक घटना, या फिर वाकई कुछ अलौकिक संकेत?

फुटेज को सुरक्षित रख लिया गया है, लेकिन अब तक इसका रहस्य नहीं सुलझ पाया है। लोगों की जिज्ञासा बढ़ती जा रही है और राजनगर प्रखंड कार्यालय, जो सामान्य दिनों में कागज़ों और बैठकों की गंभीरता में डूबा रहता है, अब रहस्यमयी रोशनी की गुत्थी से रोमांचक किस्सों का अड्डा बन गया है।

Related Posts