रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार को राष्ट्रीय पदक और प्रशंसा पत्र से सम्मानित

चाईबासा: चाईबासा न्यू कॉलोनी टुंगरी निवासी और टाटानगर में पदस्थापित रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार को उनकी विशिष्ट सेवाओं और समर्पण के लिए भारत सरकार, गृह मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय पदक और प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड की ओर से नई दिल्ली स्थित रेल भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में रेलवे बोर्ड के कार्यपालक निदेशक अजीत कुमार झा ने संतोष कुमार को राष्ट्रीय पदक और प्रशंसा पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
संतोष कुमार, दक्षिण पूर्व रेलवे से राष्ट्रीय स्तर पर इस सम्मान के लिए चयनित होने वाले इकलौते रेलकर्मी हैं। उन्हें यह सम्मान नागरिक सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य, टीम भावना को प्रोत्साहित करने, नियमित मॉक ड्रिल, तथा सुरक्षा अभ्यासों के सफल आयोजन के लिए प्रदान किया गया। उनके नेतृत्व में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ आपसी समन्वय और एकजुटता का विशेष प्रशिक्षण मिला है।
संतोष कुमार ने न केवल चक्रधरपुर मंडल, बल्कि दक्षिण पूर्व रेलवे के अन्य डिवीजनों में भी आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा और फायर सेफ्टी जैसे विषयों पर प्रशिक्षण देकर संगठन को मजबूत किया है। उन्होंने विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जाकर लगभग 18,000 नागरिकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया है।
इसके अतिरिक्त, वे झारखंड सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों जैसे वोटर जागरूकता अभियान और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण में भी सक्रिय सहयोग करते रहे हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान उनके योगदान को जिला प्रशासन ने भी सराहा है।
उनकी अब तक की अन्य प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं:
विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार, दक्षिण पूर्व रेलवे (69वां रेलवे सप्ताह, 2024)
पीसी एसओ अवार्ड (2022), गार्डेन रीच, कोलकाता
सीनियर एसडीजीएम अवार्ड (2018)
डीआरएम अवार्ड (2002, 2005, 2007) – चक्रधरपुर मंडल
सीनियर डीईई अवार्ड (2010, 2017) – टाटानगर
उनके कार्यों की प्रशंसा तत्कालीन उपायुक्त चंदन कुमार, पूर्व उपायुक्त अरवा राजकमल, और पूर्व एसएसपी इंद्रजीत महथा (IPS) द्वारा भी की जा चुकी है। अरवा राजकमल ने उन्हें ‘साइलेंट हीरो’ की उपाधि दी थी।
संतोष कुमार को मिले इस सम्मान को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे, गार्डेन रीच स्थित महाप्रबंधक कार्यालय सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने बधाई दी है। नागरिक सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता और रेल जोनल सलाहकार समिति सदस्य अरुण जोशी ने भी उनके समर्पण की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
यह सम्मान न केवल संतोष कुमार की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह दक्षिण पूर्व रेलवे, रेलवे सिविल डिफेंस संगठन और उनके साथ कार्यरत सभी सहयोगियों के लिए भी गौरव का विषय है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि समर्पण, मेहनत और सेवा-भाव से किसी भी क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान बनाई जा सकती है।