चाईबासा में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 13 ग्रामीण घायल, आठ की हालत गंभीर

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुंडीदीरी मोड़ के पास एक ट्रैक्टर की ट्रॉली पलटने से उसमें सवार 13 लोग घायल हो गए, जिनमें आठ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। यह सभी ग्रामीण डारियो गांव के रहने वाले हैं और जन वितरण प्रणाली का राशन लेकर लोढ़ाई से लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण राशन लेकर ट्रैक्टर ट्रॉली से गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक गुंडीदीरी मोड़ पर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की खबर मिलते ही गुदड़ी प्रखंड के पूर्व प्रमुख एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष सोमा रुगु मौके पर पहुंचे और उन्होंने अपने वाहन से सभी घायलों को सोनुआ अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि बाकी घायलों का इलाज सोनुआ अस्पताल में जारी है।
हादसे में घायल ग्रामीणों में शीनू होरो (50 वर्ष), मंगरा लुगुन (40 वर्ष), सलमई लुगुन (48 वर्ष), गुलिया बैंडिंग (40 वर्ष), गुने बढाई (55 वर्ष), शैलेय लुगुन (35 वर्ष), प्रेम लमुंगा (60 वर्ष), चन्द्रा डाडियो (40 वर्ष), अलिसा भेंगरा (35 वर्ष), सीबी भेंगरा (40 वर्ष), सुखराम डाडियो (35 वर्ष), कारिया लुगुन (25 वर्ष) और बदल भेंगरा (24 वर्ष) शामिल हैं। इनमें तीन महिलाएं और दस पुरुष हैं।