Crime

हजारीबाग झील बनी गंदगी का अड्डा, मछलियों की मौत से लोगों में आक्रोश

 

हजारीबाग : जिले के बीचोंबीच स्थित ऐतिहासिक हजारीबाग झील, जिसे शहर की पहचान और हृदयस्थल कहा जाता है, इन दिनों बदहाल स्थिति से गुजर रही है। झील का पानी जलकुंभियों से पटा पड़ा है और गंदगी इतनी बढ़ चुकी है कि बड़ी-बड़ी मछलियां मरकर सतह पर तैर रही हैं।

सुबह-शाम सैर, व्यायाम और योग के लिए यहां पहुंचने वाले लोग दुर्गंध से परेशान हैं। झील के आसपास दो पार्क और अधिकारियों के आवास होने के बावजूद सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है।

समाजसेवी भैया अभिमन्यु ने बताया कि जलकुंभियों के सड़ने से झील का पानी दूषित हो गया है। सफाई के नाम पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। छठ पूजा नजदीक है, लेकिन अब युद्धस्तर पर भी सफाई शुरू हो, तो शायद सिर्फ किनारों को ही साफ किया जा सकेगा।

वहीं, मछुआरा महेंद्र निषाद ने कहा कि मछलियों की लगातार हो रही मौत से उनका परिवार आर्थिक संकट में है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से झील सफाई के लिए मशीन लगाई गई है, लेकिन वह महीनों से बंद पड़ी है। “हमें रोजी-रोटी के लिए झील पर ही निर्भर रहना पड़ता है। अब जब मछलियां ही मर रही हैं, तो हम गरीब लोग जाएं कहां,” उन्होंने दुख जताया।

Related Posts