मानगो की पेयजल समस्या का समाधान, तीन नए मोटर और पैनल बोर्ड लगाए जाएंगे

जमशेदपुर : मानगो के लोगों को अब पानी की किल्लत से निजात मिलने वाली है। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय की पहल पर जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए तीन नए मोटर और एक पैनल बोर्ड खरीदे गए हैं। पैनल बोर्ड लंबे समय से क्षतिग्रस्त था, जिसके कारण आपूर्ति प्रभावित हो रही थी।
विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि पिंटू सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुराने मोटर आंशिक रूप से ही काम कर रहे थे, जिससे इलाके में पेयजल संकट बढ़ गया था। जनता की गंभीर समस्या को विधायक ने विधानसभा सत्र में उठाया, जिसके बाद यह समाधान संभव हो पाया।
उन्होंने बताया कि खरीदे गए तीन मोटरों में एक 350 हॉर्स पावर (एचपी) का है, जिसे इंटकवेल में लगाया जाएगा। वहीं दो मोटर 150-150 एचपी क्षमता के हैं, जिन्हें वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में स्थापित किया जाएगा। साथ ही, नया पैनल बोर्ड भी लगाया जाएगा।
पिंटू सिंह ने कहा कि विभागीय अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों मोटर अगले बुधवार तक चालू हो जाएंगे। इसके बाद मानगो की जनता को पानी के लिए अब परेशान नहीं होना पड़ेगा।