Crime

हजारीबाग में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, तीन इनामी नक्सली ढेर

 

हजारीबाग : झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षाबलों को सोमवार सुबह बड़ी सफलता मिली। हजारीबाग जिले के पनतीतरी जंगल में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में सेंट्रल कमिटी सदस्य और 1 करोड़ रुपये के इनामी सहदेव सोरेन, 25 लाख रुपये के इनामी रघुनाथ हेंब्रेम और 10 लाख रुपये के इनामी बिरसेन गंझू शामिल हैं। इन पर कुल 1.35 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।

सीमा से सटे इलाके में मुठभेड़
यह मुठभेड़ सुबह करीब 6 बजे गोरहर थाना क्षेत्र के पनतीतरी जंगल में हुई, जो बोकारो और गिरिडीह जिले की सीमा से सटा इलाका है। सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम—कोबरा, गिरिडीह पुलिस और हजारीबाग पुलिस—ने सहदेव सोरेन के दस्ते को घेरकर कार्रवाई की।

तीन शव और भारी मात्रा में हथियार बरामद
मुठभेड़ के बाद इलाके में चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने तीन शव बरामद किए। इनमें सहदेव सोरेन समेत तीनों इनामी नक्सलियों की पहचान हो चुकी है। मौके से तीन एके-47 राइफल और अन्य नक्सली सामान भी जब्त किए गए हैं।

सुरक्षा बल का अभियान जारी
पुलिस का मानना है कि इस मुठभेड़ में कुछ और नक्सली भी घायल हुए होंगे। इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है ताकि भागे हुए नक्सलियों को पकड़ा जा सके।

कई घटनाओं का मास्टरमाइंड था सहदेव
सहदेव सोरेन लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में था और वह कई बड़ी नक्सली वारदातों का मास्टरमाइंड रहा है। कुछ महीने पहले ही झारखंड पुलिस ने उस पर 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था। उसकी मौत को राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Related Posts