जमशेदपुर में महिला से अवैध संबंध का विरोध करने पर युवक पर कटर से हमला, आरोपी अरेस्ट

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजमदा लुपुंग टोला में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने महिला की इज्जत की रक्षा करने की कीमत अपनी जान पर खेलकर चुकाई।
जानकारी के अनुसार, बुधान मार्डी ने विजय टोपनो नामक व्यक्ति के एक महिला से अवैध संबंध का विरोध किया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने बुधान पर थर्मोकोल कटर से जानलेवा हमला कर दिया।
घटना उस वक्त हुई जब बुधान ड्यूटी से घर लौट रहा था। रास्ते में राहरगोड़ा क्रिश्चियन बस्ती निवासी विजय टोपनो ने उसे रोका, गाली-गलौज की और अचानक हमला बोल दिया। वार जबड़े के पास लगने से बुधान गंभीर रूप से घायल हो गया। खून से लथपथ हालत में वह किसी तरह परसुडीह थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि बुधवार को आरोपी विजय टोपनो को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं घायल बुधान मार्डी का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।