Chaibasa News : चाईबासा पुलिस की बड़ी सफलता, पुलिया उड़ाने वाले दो नक्सली गिरफ्तार, विस्फोटक सामग्री बरामद

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत चाईबासा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। छोटानागरा थाना क्षेत्र के सारंडा जंगल इलाके में पुलिया को आईईडी से उड़ाने की घटना में शामिल दो नक्सलियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
एसपी अमित रेणु ने प्रेस वार्ता कर बताया कि 9 अक्टूबर को रातामाटी गांव के पास नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट कर पुलिया को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस घटना के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की और तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दो नक्सलियों की पहचान कर गिरफ्तारी की।
गिरफ्तार नक्सलियों में अलब्रेट लोमगा उर्फ रेंगो लोमगा (19 वर्ष) और विकास लोमगा उर्फ रापा लोमगा उर्फ गबरी लोमगा (20 वर्ष) हैं। दोनों पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने उनके पास से 9 बोल्ट बैटरी (22 पीस) और लगभग 200 मीटर बिजली का तार बरामद किया है, जिसका उपयोग विस्फोटक यंत्र तैयार करने में किया जाता था।
एसपी ने बताया कि यह सफलता पुलिस और सीआरपीएफ 26 बटालियन की संयुक्त कार्रवाई के परिणामस्वरूप मिली है। उन्होंने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जल्द ही अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
एसपी अमित रेणु ने सुरक्षा बलों की टीम को इस सफल अभियान के लिए बधाई देते हुए कहा कि झारखंड पुलिस नक्सल उन्मूलन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और क्षेत्र में शांति बहाली के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।