जमशेदपुर में दीपावली की रौनक: धनतेरस पर साकची बाजार में उमड़ी भारी भीड़, हर तरफ त्योहार की खुशियों का माहौल

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर : दीपावली का पर्व जैसे-जैसे करीब आ रहा है, पूरे जमशेदपुर में रोशनी और उत्साह का माहौल छा गया है। धनतेरस के शुभ अवसर पर शनिवार को साकची बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बाजारों में रौनक देखते ही बन रही थी। लोग लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियाँ, चांदी के बर्तन, झाड़ू, पूजा सामग्री, घर सजावट के सामान और मिट्टी के दीये खरीदते नजर आए।
दुकानों पर रंग-बिरंगे दीये, आकर्षक झालरें और लाइटिंग की सजावट ने बाजार को मनमोहक बना दिया है। व्यापारी भी ग्राहकों की भीड़ से उत्साहित हैं और बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी जा रही है। प्रशासन ने बाजारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, लंका विजय के बाद जब प्रभु श्रीराम अयोध्या लौटे थे, तब अयोध्यावासियों ने उनके स्वागत में दीप जलाए थे। तभी से दीपावली का पर्व प्रकाश, समृद्धि और आनंद का प्रतीक बन गया है। आज भी यह पर्व पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ झारखंड सहित पूरे देश में मनाया जा रहा है।