Crime

किसान का शव पेड़ से लटका मिला, दो दिन से था लापता | झारखंड में सनसनी

न्यूज़ लहर संवाददाता

जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में एक किसान की रहस्यमय मौत ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। पटमदा थाना क्षेत्र के जाल्ला गांव निवासी 63 वर्षीय किसान कंठीराम महतो का शव सोमवार सुबह लच्छीपुर पंचायत के चाड़रीकल गांव के पास जंगल में पेड़ से लटकता हुआ पाया गया।

परिजनों के अनुसार, कंठीराम महतो दो दिन पहले अपने घर से खेत जाने के लिए निकले थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला। घरवालों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की और सोशल मीडिया के जरिए भी जानकारी साझा की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।

रविवार शाम एक चरवाहे ने जंगल में पेड़ से लटकता एक शव देखा और गांव में इसकी सूचना दी। रात में अंधेरा होने और शव की ऊंचाई करीब 20 फीट पर होने के कारण पहचान नहीं हो सकी। सोमवार सुबह पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया।

पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को एमजीएम मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर भेज दिया है। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर इसमें साजिश की कोई परत छिपी हुई है।

 

 

Related Posts