छठ पर्व को लेकर मानगो में जलापूर्ति को लेकर हुई अहम बैठक, होगी निर्बाध जल आपूर्ति

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर : छठ पर्व के मद्देनज़र मानगो उपनगर आयुक्त कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में जलापूर्ति संचालन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में नगर निगम क्षेत्र में जल आपूर्ति को सुचारू एवं निर्बाध बनाए रखने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए गए।
बैठक में जलापूर्ति संचालन एजेंसी के प्रतिनिधि रामेश्वर शर्मा, विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह, पिंटू सिंह, संतोष सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
उपनगर आयुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित न हो, ताकि छठ व्रतियों को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
इन क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए समता नगर, जवाहर नगर, प्रहलाद नगर, रामकृष्ण कॉलोनी, अखाड़ा गली, लक्ष्मी नगर, गोड़ बस्ती, रामकृष्ण मंदिर के पीछे का इलाका, गुरुद्वारा रोड, रोड नंबर 12, डिमना बस्ती, ऊपर टोला, गोराई पथ, पारडीह आदि।
कृष्ण कुमार ने कहा कि सभी एजेंसियां छठ पर्व के दौरान 24×7 water supply सुनिश्चित करें और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त टैंकरों की व्यवस्था भी की जाए।
इस मौके पर नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि छठ जैसे महान आस्था पर्व पर स्वच्छता, जलापूर्ति और व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।