झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता, कुख्यात अपराधी रिंकू सेठ उर्फ सौरभ शर्मा जयपुर से गिरफ्तार जमशेदपुर से जयपुर तक चली पुलिस की सटीक कार्रवाई, कई जघन्य कांडों का मुख्य साजिशकर्ता चढ़ा पुलिस के हत्थे

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर : शहर में दहशत फैलाने वाले कुख्यात अपराधी सौरभ शर्मा उर्फ रिंकू सेठ को पुलिस ने राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर को गोपनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि सौरभ शर्मा जयपुर के शाहपुरा थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निकट पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसका नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-1), पूर्वी सिंहभूम ने किया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 अक्टूबर 2025 को जयपुर के हरदासवाली, वार्ड संख्या 03, अमरपूरा रोड से उसे धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक सौरभ शर्मा वर्ष 2024 में सीतारामडेरा थाना अंतर्गत हुई हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों का मुख्य अभियुक्त है।
मालूम हो कि 1 फरवरी 2024 को सीतारामडेरा क्षेत्र में पाण्डेय घाट चौधरी होटल के पास सड़क पर अज्ञात अपराधियों ने वादी बानेश्वर नामता उर्फ मानस को गोली मारकर जख्मी कर दिया था, जबकि उसके मित्र टकलू लोहार की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आठ अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
हालांकि इस घटना का मुख्य आरोपी रिंकू सेठ लगातार फरार था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। फरारी के दौरान उसने अपने गिरोह के साथ मिलकर जमशेदपुर में कई अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया। उसी वर्ष 2 फरवरी को मानगो थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित बैकुंठ नगर में राजा सिंह की हत्या कराई गई थी। इसके अलावा बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना लेक रोड पर आशुतोष ओझा उर्फ अंशु पर जानलेवा हमला किया गया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रिंकू सेठ अमरनाथ सिंह गिरोह के सक्रिय सदस्य के रूप में कार्य कर रहा था और जेल से छूटने के बाद पुनः गिरोह को सक्रिय करने के लिए शहर में दहशत फैलाने लगा था। वह मेसेजिंग ऐप्स के माध्यम से अन्य अपराधियों के संपर्क में रहकर जमीन कारोबारियों से अवैध वसूली कर रहा था।
जमशेदपुर पुलिस की विशेष टीम ने धैर्यपूर्वक तकनीकी निगरानी करते हुए उसे ट्रैक किया और आखिरकार जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी से झारखंड में उसके द्वारा फैलाए गए आपराधिक नेटवर्क को करारा झटका लगा है।
गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
पुलिस के अनुसार सौरभ शर्मा का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर रहा है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, छिनतई, फायरिंग सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। उस पर सीतारामडेरा, बिरसानगर, परसुडीह और बिष्टुपुर थानों में कुल पाँच आपराधिक कांड दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को लेकर जमशेदपुर पुलिस की सराहना की जा रही है। एक लंबे समय से फरार चल रहे अपराधी की गिरफ्तारी से न सिर्फ शहरवासियों में राहत की भावना है, बल्कि कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा भी मजबूत हुआ है।