जमशेदपुर में भैया दूज का पर्व धूमधाम से मनाया गया, बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर में भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक पर्व भैया दूज इस वर्ष बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न इलाकों में सुबह से ही त्योहार की रौनक दिखाई दी। महिलाओं ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की।
गरमनाला क्षेत्र में भी महिलाओं की बड़ी संख्या ने एकत्र होकर पूजा-अर्चना की। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार बहनों ने यम और यमुना की कथा सुनी तथा भाइयों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। इस मौके पर घरों में विशेष पकवान तैयार किए गए। मिठाइयों, पूरियों, और अन्य स्वादिष्ट व्यंजनों की खुशबू से घर-आंगन महक उठा।
भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते को समर्पित पर्व पर कई परिवारों में दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा। छोटे भाई-बहन एक-दूसरे को उपहार देकर अपने स्नेह का इजहार करते नजर आए। जमशेदपुर के मंदिरों और घरों में पूजा-पाठ और भाई-दूज के गीतों की गूंज ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।