टुइलाडुंगरी में फायरिंग में एक युवक घायल, टाटा मुख्य अस्पताल में किया गया भर्ती
न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर : शहर में अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताज़ा मामला गोलमुरी थाना क्षेत्र के टूइलाडुंगरी लाइन नंबर 27 का है, जहां शुक्रवार की रात करीब 9 बजे गोलीबारी की घटना घटी। इस वारदात में 30 वर्षीय सागर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सागर के पैर पर गोली मारी, जिसके बाद उसे आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल (Tata Main Hospital) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सागर सिंह के पिता का कुछ दिन पहले निधन हो गया था और शुक्रवार को उनका दशकर्म कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सागर अपने दोस्तों के साथ घर के पास बैठा था, तभी अचानक अज्ञात हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।
—
* टूइलाडुंगरी लाइन नंबर 27 में फायरिंग
* सागर सिंह के पैर में गोली लगी
* टाटा मुख्य अस्पताल में इलाज जारी
* दशकर्म के बाद बैठने के दौरान हमला
* पुलिस जांच में जुटी
—












