झारखंड के 17 जिलों में 25 अक्टूबर को हल्की बारिश की संभावना
न्यूज़ लहर संवाददाता
रांची : झारखंड में शनिवार, 25 अक्टूबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 17 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। साथ ही सुबह के समय कई इलाकों में मध्यम दर्जे का कोहरा छाने की भी उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक जिन जिलों में बारिश की संभावना है, उनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, गुमला, हजारीबाग, बोकारो, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा शामिल हैं।
26 अक्टूबर को झारखंड के पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी जिलों में सुबह के समय मध्यम कोहरा रहने की संभावना है।
27 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी जिलों में कोहरा छाने के साथ-साथ दक्षिणी हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।
पिछले 24 घंटे में झारखंड में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 34.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी रांची में शुक्रवार को मौसम साफ रहा। सुबह के समय हल्की ठंड का एहसास हुआ। रांची का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री, जमशेदपुर का 33.8 डिग्री, डाल्टनगंज का 34.6 डिग्री, बोकारो का 31.5 डिग्री और चाईबासा का 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।














