गोलमुरी फायरिंग केस का मुख्य आरोपी रिंकू हथियार के साथ गिरफ्तार, झारखंड पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
News Lahar Reporter
जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुई फायरिंग मामले का मुख्य आरोपी रिंकू पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसे गुप्त सूचनाके आधार पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया। रिंकू की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार देर रात रिंकू अपने साथी सागर के साथ रवि खेड़ा के घर पहुंचा था। दोनों ने कथित तौर पर जबरन घर में घुसने की कोशिश की। इस दौरान रवि के भाई ने रोकने की कोशिश की, जिसके बाद रिंकू और सागर ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग के दौरान सागर को गोली लगने की जानकारी मिली। उसे गंभीर हालत में टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया। अस्पताल में सागर ने बयान दिया कि उसे रवि ने गोली मारी, लेकिन पुलिस जांच में यह बयान संदिग्ध पाया गया क्योंकि घटना के वक्त रवि पुलिस थाने में मौजूद था।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि सागर को गोली किस परिस्थिति में लगी और क्या यह उसी फायरिंग घटना से जुड़ा मामला है या किसी अन्य विवाद से। गोलमुरी थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद हथियार को फोरेंसिक जांच (Forensic Test) के लिए भेजा गया है, जिससे यह पुष्टि की जा सके कि गोलीबारी में वही हथियार इस्तेमाल हुआ था या नहीं।
फिलहाल, रिंकू से पूछताछ जारी है और पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है।














