Chandil : स्वर्णरेखा नदी में मिली भगवान शिव की प्राचीन प्रतिमा, क्षेत्र में श्रद्धा और उत्सुकता का माहौल
न्यूज़ लहर संवाददाता
चांडिल : चांडिल डैम पुल के नीचे स्वर्णरेखा नदी से भगवान शिव की एक प्राचीन प्रतिमा मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और चर्चा का माहौल है। शुक्रवार की सुबह स्थानीय मछुआरों ने नदी में यह प्रतिमा देखी, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए।
प्रतिमा को जेसीबी की मदद से नदी से बाहर निकाला गया और पास स्थित शिव मंदिर में सुरक्षित रखा गया। सूचना मिलने पर भाजपा नेता आकाश महतो मौके पर पहुंचे और उन्होंने बताया कि इस प्राचीन शिव प्रतिमा को विधि-विधान के साथ मंदिर में स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि ईचागढ़ क्षेत्र में कई पुराने मंदिर थे जो डैम बनने के बाद जलमग्न हो गए थे। इस साल अधिक बारिश होने के कारण संभव है कि यह प्रतिमा वहीं से बहकर स्वर्णरेखा नदी में आ गई हो।
यह खोज न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि स्थानीय इतिहास और संस्कृति की झलक भी दिखाती है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर श्रद्धा, आश्चर्य और उत्साह का वातावरण है।













