weather report

मोंथा साइक्लोन : झारखंड में IMD ने जारी किया रेड अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी/

News Lahar Reporter

रांची : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय साइक्लोन मोंथा का असर अब राज्य में साफ दिखने लगा है। पिछले 24 घंटों में पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर सहित कई जिलों में तेज बारिश हुई है, जिससे तापमान में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम ठंडा और नम हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने झारखंड के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

कहां दिखेगा मोंथा तूफान का प्रभाव
मौसम विभाग के अनुसार, आज रांची, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी, लातेहार और लोहरदगा में भारी बारिश होने की आशंका है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि मौसम खराब होने पर वे घरों से बाहर निकलने से बचें और खुले मैदान या पेड़ों के नीचे शरण न लें।

31 अक्टूबर तक बारिश का दौर, 1 नवंबर से राहत के आसार
IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, यह साइक्लोनिक गतिविधि 31 अक्टूबर तक सक्रिय रहेगी। इस दौरान झारखंड में लगातार बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। 1 नवंबर से मौसम के सुधरने की उम्मीद है, हालांकि अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का खतरा बना रहेगा। प्रशासन को भी सतर्क कर दिया गया है।

किसानों के लिए चुनौती
मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने किसानों को सलाह दी है कि वे जल्दी से जल्दी फसल की कटाई पूरी कर लें और धान को सुरक्षित स्थान पर रख दें। तेज हवाएं और बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

जानकारी के अनुसार, मोंथा तूफान का नाम थाईलैंड के एक सुगंधित फूल के नाम पर रखा गया है। इस तूफान के दौरान हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।

 

 

Related Posts