घाटशिला उपचुनाव : गालूडीह में भाजपा मंडल चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
News Lahar Reporter
घाटशिला : आगामी घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आज गालूडीह में मंडल चुनाव कार्यालय का शुभ उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर की गई।
इस अवसर पर भाजपा झारखंड प्रदेश के उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई, विधानसभा में विरोधी दल के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, वरिष्ठ नेता रमेश हंसदा समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
उद्घाटन के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा स्पष्ट दिखाई दी। कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए आगामी उपचुनाव में भाजपा को विजयी बनाने का संकल्प लिया तथा घाटशिला क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिज्ञा की।
भाजपा नेतृत्व ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि घाटशिला और पूरे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए काम करना है।














