जमशेदपुर: प्रिंस खान गैंग के दो शूटर जेल भेजे गए, कारोबारी हरेराम सिंह फायरिंग कांड में इस्तेमाल हथियार और स्कूटी बरामद
News Lahar Reporter
जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में रंगदारी को लेकर हुए फायरिंग कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोमवार को प्रिंस खान गैंग से जुड़े दो शूटरों, राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू और राजेश गिरी उर्फ दांतू को जेल भेज दिया। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने गैंगस्टर प्रिंस खान के निर्देश पर भुइयांडीह निवासी कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।
सूत्रों के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी एक सफेद स्कूटी पर मानगो बस स्टैंड की ओर जा रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार हैं। सूचना मिलते ही डीएसपी (मुख्यालय) की अगुवाई में एक विशेष टीम का गठन किया गया। रात्रि गश्त और टाइगर मोबाइल की मदद से पुलिस ने पाण्डेय घाट के पास घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से फायरिंग में इस्तेमाल अवैध हथियार, कारतूस और सफेद एक्टिवा स्कूटी (JH-05 DM-4568) बरामद की। पूछताछ में दोनों ने फायरिंग करने और प्रिंस खान गैंग से जुड़े होने की बात स्वीकार की। राज सिंह कश्यप काशीडीह बागान का रहने वाला है जबकि राजेश गिरी गोलमुरी के केवल टाउन का निवासी है।
इससे पहले इस मामले में पुलिस मुख्य षड्यंत्रकारी आकाश सिंह, पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए शूटर रवि महानंद उर्फ गोपला और साजिशकर्ता दशरथ शुक्ला को गिरफ्तार कर चुकी है। लगातार की जा रही कार्रवाई को शहर में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू पहले भी कई मामलों में शामिल रहा है। उस पर सोनारी और सीतारामडेरा थाना में आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएँ शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रिंस खान गिरोह को खत्म करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।













