Regional

पाकुड़: हिरणपुर में चलंत वाहन सह लोक अदालत के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

News Lahar Reporter

पाकुड़: पाकुड़ जिले के हिरणपुर प्रखंड में चलंत वाहन सह लोक अदालत (Justice on Wheels) कार्यक्रम के तहत गुरुवार को विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह आयोजन झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वाधान में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सभागार में दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस मौके पर सचिव रूपा बंदना किरो, स्थाई लोक अदालत के सदस्य राजीव कुमार झा, बीडीओ टुडू दिलीप और सीओ मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

सचिव रूपा बंदना किरो ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि “जस्टिस ऑन व्हील्स” का उद्देश्य न्याय को लोगों की दहलीज तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस चलंत वाहन के माध्यम से दूर-दराज के ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जाती है, ताकि वे छोटे-छोटे मामलों में अदालतों के चक्कर न लगाते हों और समय पर न्याय प्राप्त कर सकें। साथ ही उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता योजना की भी जानकारी दी।

स्थाई लोक अदालत के सदस्य राजीव कुमार झा ने कहा कि रोजमर्रा के जीवन में छोटे-छोटे विवाद होते रहते हैं, जिनके कारण लोग अनावश्यक कानूनी तनाव में फंस जाते हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे मामलों को समझौते और सुलह के माध्यम से शीघ्र निष्पादन करना है।

हिरणपुर के सीओ मनोज कुमार ने ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों से जुड़ी जानकारी विस्तार से दी और किसी भी कानूनी समस्या के समाधान के लिए इस योजना का लाभ उठाने की अपील की।

वहीं बीडीओ टुडू दिलीप ने उदाहरणों के माध्यम से बताया कि चलंत वाहन सह लोक अदालत कैसे लोगों की मदद करता है और किस प्रकार सरल प्रक्रिया के जरिए कानूनी झंझटों से छुटकारा मिलता है।

कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, बीपीओ ट्विंकल चौधरी, प्रखंड कर्मी, पैरा लीगल वॉलेंटियर्स—मैनुल शेख, मोकमाउल शेख, नीरज कुमार राउत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Posts