गुवा में महिलाओं के बीच धोती-साड़ी वितरण, षिरजोन जनजातीय खेल महोत्सव का आज समापन
News Lahar Reporter
गुवा
षिरजोन जनजातीय खेल महोत्सव में नृत्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से गुवा में धोती और साड़ी का वितरण किया गया। यह वितरण कार्यक्रम जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोनाराम सिंकु के प्रयास से आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सलीम कुरैशी ने महिलाओं के बीच धोती-साड़ी का वितरण किया। इस पहल से जनजातीय समाज की महिलाओं में उत्साह देखा गया। ज्ञात हो कि षिरजोन जनजातीय खेल महोत्सव का आयोजन 6 नवंबर से 9 नवंबर तक चार दिवसीय कार्यक्रम के रूप में किया गया था। इसका समापन समारोह आज रविवार को नोवामुंडी प्रखंड के बड़ा बालजोड़ी गांव स्थित फुटबॉल मैदान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि विधायक सोनाराम सिंकु होंगे। यह आयोजन जनजातीय संस्कृति, परंपरा, खेल भावना और सामुदायिक एकता का प्रतीक माना जा रहा है।














