Regional

अतिवृष्टि से खूंटपानी में कई मकान जमींदोज,पड़ोसियों के घरों में शरण लेने को विवश हुए लोग

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित चाईबासा में पिछले दिनों लगातार हुई अतिवृष्टि से खूंटपानी प्रखंड के कई गांवों से कच्चे मकानों के ढह जाने की खबरें आ रही हैं। जानकारी के अनुसार दोपाई पंचायत के चुरगुयां में 2 तथा बड़ा लगिया में भी 2 कच्चे मकान ढह गए हैं। ये मकान खपरैल का था। घर में रखे घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए। इससे हजारों की संपत्ति की क्षति हुई है। इसके साथ ही उसपर आच्छादित खपरे भी बरबाद हो गये। छप्पर के ढांचे में प्रयुक्त रोला, बाता व जांगी आदि भी क्षतिग्रस्त हो गये। खूंटपानी प्रखंड के प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि चुरगुयां में तुरी चांपिया तथा बाबू सिंह जामुदा के कच्चे मकान जमींदोज हुए हैं। जबकि बड़ा लगिया में सुमित्रा कुई तथा सिंगराय तांती के कच्चे मकानों पर प्रकृति का कहर टूटा है। बेघर होने के बाद अब ये लोग पड़ोसियों तथा सगे-संबंधियों के यहां शरण लिये हुए हैं। इधर इसकी सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने गांव का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। साथ ही प्रभावित ग्रामीणों को सरकारी लाभ दिलाने की बात कही । ज्ञात हो कि पिछले दिनों हुई निरंतर बारिश से पूरे जिले में कच्चे मकानों को काफी नुकसान पहुंचा है।

Related Posts