Crime

मध्यप्रदेश में भीषण हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 13 बारातियों की मौत, राष्ट्रपति ने जताया शोक

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

मध्य प्रदेश : रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें, 13 लोगों की मौत हो गई और 15 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। दरअसल मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पिपलोधीजाद में बारातियों से भरा ट्रैक्टर ट्राली पलट गया। इस दौरान मोके पर चीख पुकार मच गई और 13 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत बचाव कार्य शुरू किया। लेकिन ट्रैक्टर ट्राली के नीचे दबने से 13 लोगों की मौत हो गई। साथ ही 15 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर में राजस्थान के इकलेरा के समीप स्थित मोतीपुरा गांव से तातूडिय़ा परिवार की एक बरात राजगढ़ के पास देहरीनाथ पंचायत के गांव कमालपुर आ रही थी।

बाराती ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर मस्ती करते हुए आ रहे थे। इस बीच जैसे ही वे मध्य प्रदेश के राजगढ़ में प्रवेश हुए वैसे ही उनका ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। रात के अंधेरे में ट्रॉली पलट गई। ट्राली के नीचे दबने के कारण तीन बच्चों और तीन महिलाओं समेत 13 लोगों की मौत हो गई। वहीं, घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

 

घटना को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिवार वालों के प्रति संवेदना जाहिर की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मु ने ट्वीट किया कि मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैं उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।

Related Posts