Regional

प्रतिभा चयन ट्रायल प्रतियोगिता 2024-25 का आयोजन

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:पूर्वी सिंहभूम जिला में खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड और जिला प्रशासन पूर्वी सिंहभूम खेल शाखा के संयुक्त तत्वाधान में कोल्हान प्रमंडल में बालक और बालिकाओं के लिए फुटबॉल और बालक वर्ग में तीरंदाजी के आवासीय क्रीडा प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षुओं के रिक्त स्थानों को भरने हेतु एक दिवसीय प्रतिभा चयन ट्रायल प्रतियोगिता 2024-25 का आयोजन आगामी 29 जून 2024, दिन शनिवार को किया गया है।

फुटबॉल खेल के खिलाड़ियों (बालक और बालिकाओं) के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत जमशेदपुर के तीनप्लेट स्पोर्ट्स कंपलेक्स और तीरंदाजी के लिए जमशेदपुर के ही बर्मामाइन्स स्थित एईसी ग्राउंड (नियर बीपीएम स्कूल) का चयन किया गया है। उक्त दोनों ही क्रीडा स्थलों पर प्रतिभागी खिलाड़ियों को पूर्वाह्न 9:00 बजे अपनी उपस्थिति दर्ज करानी है। इस प्रतिभा चयन ट्रायल प्रतियोगिता में कोल्हान प्रमंडल में अवस्थित तीनों जिलों – पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां के इच्छुक प्रतिभागी भाग ले सकते हैं।

प्रतिभागी प्रशिक्षुओं की आयु 10 से 14 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र, और खेल उपलब्धि प्रमाण पत्र (यदि हो) लाना अनिवार्य है।

कोल्हान प्रमंडल में अवस्थित आवासीय क्रीडा प्रशिक्षण केंद्रों की रिक्तियां निम्नलिखित हैं:
– उत्क्रमित विद्या मंदिर चक्रधरपुर, आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र (बालक): 05 रिक्त स्थान
– आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र खरसावां (बालक): 05 रिक्त स्थान
– बालकों हेतु कुल रिक्त स्थान: 10
– उत्क्रमित विद्या मंदिर चक्रधरपुर, आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र (बालिका): 05 रिक्त स्थान
– तीरंदाजी खेल में बालक हेतु आवासीय तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र दुगनी सरायकेला खरसावां: 01 रिक्त स्थान

विशेष जानकारी के लिए जिला खेल शाखा पूर्वी सिंहभूम के कार्यालय के मोबाइल संख्या 7479413570 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Posts