जमशेदपुर में वन विभाग की गिरफ्तारी के खिलाफ आदिवासी-मूलवासी समुदाय का प्रदर्शन

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित जमशेदपुर में दलमा इलाके में वन विभाग ने जंगली सूअर मारने के आरोप में डांटू सिंह नामक ग्रामीण को गिरफ्तार किया है।इस घटना के विरोध में दलमा वन क्षेत्र प्रभावित संघर्ष समिति के बैनर तले हजारों आदिवासी-मूलवासी समुदाय के लोगों ने मानगो स्थित वन विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने वन विभाग के कार्यालय का घेराव कर डांटू सिंह की बिना शर्त रिहाई की मांग की।
डांटू सिंह निर्दोष होने का दावा
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे नीमडीह के जिला परिषद असित सिंह पात्र ने कहा कि डांटू सिंह निर्दोष हैं और उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक डांटू सिंह की रिहाई नहीं होती, ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी रहेगा।
वन विभाग पर आरोप
प्रदर्शनकारियों ने वन विभाग पर दलमा की तराई क्षेत्र में बसे ग्रामीणों को परेशान करने और दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी के विकास के मद में सरकार द्वारा दिए जा रहे धनराशि का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों के मिली भगत से दलमा क्षेत्र में सरकारी राजस्व का बंदरबांट किया जा रहा है और ग्रामीणों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है।
प्रदर्शन के कारण जाम
प्रदर्शन के कारण मानगो मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति बन गई है। ग्रामीण डांटू सिंह की रिहाई तक प्रदर्शन जारी रखने की धमकी दे रहे हैं।