Regional

चाईबासा: भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का राहुल गांधी के आरक्षण विरोधी बयानों पर धरना प्रदर्शन

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड।चाईबासा में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा ने आज पुरानी उपायुक्त कार्यालय के समीप एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया। यह धरना राहुल गांधी के अमेरिका में दिए गए आरक्षण विरोधी बयानों के खिलाफ था। मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कांग्रेस और राहुल गांधी के बयानों की कड़ी निंदा की।

धरने का नेतृत्व कर रहे अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष शंभू हाजरा ने कहा, “राहुल गांधी ने हमेशा से भारत को अपमानित करने का मौका नहीं छोड़ा है। उनके हालिया बयान यह दर्शाते हैं कि वे आरक्षण का विरोध करते हैं, जो दलितों और पिछड़ों के लिए घातक साबित हो सकता है।” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस का इतिहास आरक्षण के विरोध का रहा है और यह पार्टी इसे कमजोर करने के प्रयासों में लगी रही है।

जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “राहुल गांधी को आरक्षण का विरोध विरासत में मिला है। जब भारत की ताकत विश्व स्तर पर बढ़ रही है, तब राहुल गांधी विदेश में जाकर देश की छवि धूमिल कर रहे हैं। उनके बयान से दलितों और पिछड़ों के अधिकारों का अपमान होता है।”

वरिष्ठ भाजपा नेता रामानुज शर्मा ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस हमेशा से हिंदुओं को बांटने का काम करती रही है। राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत विरोधी लोगों से मिलते हैं और हमारे देश का नाम खराब करते हैं।” उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सरकारी सहायता प्राप्त अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों में आरक्षण का कोई प्रावधान नहीं है, जो कांग्रेस की नीतियों की वास्तविकता को दर्शाता है।

धरने में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और एक स्वर में कहा कि भाजपा और संविधान के रहते हुए किसी भी दलित, आदिवासी या ओबीसी का आरक्षण समाप्त नहीं हो सकता। अनुसूचित जाति मोर्चा ने यह संकल्प लिया कि वे दलितों और पिछड़ों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए हमेशा खड़े रहेंगे।

इस कार्यक्रम में चंदन झा, प्रताप कटियार महतो, पवन शर्मा सहित कई अन्य वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। धरने में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रामनाथ मुखी, राजेंद्र मछुआ, रजनी करुआ, गंगा करुआ, मोटु करुआ, रामावतार राम रवि, और भाजपा जिला कमेटी के जितेंद्र नाथ ओझा, जूली खत्री, सनी पासवान, अनिल विरूली, पंकज खिरवाल, कामेश्वर विश्वकर्मा, रंजन प्रसाद और द्वारिका शर्मा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

Related Posts