Crime

बोकारो में हथियारबंद लूट की घटनाओं का पर्दाफाश: तीन गिरफ्तार

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड।बोकारो में 21 सितंबर 2024 को बोकारो जिले के ग्राम सोनडीहा में संतोष सोनी के घर में 3-4 अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने घुसकर लूटपाट की। इसके बाद, 26-27 सितंबर की रात को बबलू सोनी के घर में 6 अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने फिर से लूट की घटना को अंजाम दिया। इन दोनों घटनाओं के संदर्भ में माण्डू (वेबो) थाना में क्रमशः काण्ड संख्या 226/24 और 230/24 दर्ज किए गए हैं।

इन गंभीर घटनाओं को देखते हुए अजय कुमार, पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ ने परमेश्वर प्रसाद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रामगढ़ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान करते हुए अपराधियों का पता लगाने और छापेमारी अभियान चलाने का निर्णय लिया।

छापेमारी के दौरान, दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में दीपक कुमार, उम्र 28 वर्ष, पिता – अखिलेश्वर प्रसाद, निवासी अतना, थाना – माण्डू, जिला – रामगढ़ और शमीम खान उर्फ सोनी खान, उम्र 39 वर्ष, पिता – स्व० शमशेर, निवासी भादवा, थाना – माण्डू, जिला – रामगढ़ शामिल हैं। गिरफ्तार व्यक्तियों से पूछताछ के दौरान उनके द्वारा अपराध स्वीकार किया गया। उनके निशानदेही पर लूटी गई संपत्ति चरही स्थित श्रृष्टि ज्वेलर्स दुकान से बरामद की गई। इस मामले में ज्वेलर्स दुकान के मालिक रविन्द्र सोनी, उम्र 40 वर्ष, पिता – मनोहर सोनी, निवासी कजरी, थाना – चरही, जिला – हजारीबाग को भी गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों से एक स्प्लेंडर बाइक (रजि. नं. JH02B 6392), 12 जोड़े चांदी के पायल (वजन करीब 475 ग्राम), 06 पीस चांदी का चीन (66 ग्राम), सोने का बिस्कुट (कटिंग वजन करीब 10 ग्राम, 24 कैरेट) और बांदी का बिस्कुट (वजन करीब 948 ग्राम) बरामद किया गया।

गठित टीम अन्य 6 फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इन फरार अपराधियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

 

इस छापेमारी अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों में परमेश्वर प्रसाद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रामगढ़; सुरेश लिण्डा, पुलिस निरीक्षक, माण्डू अंचल; पु.अ.नि. सदानंद कुमार, प्रभारी वेस्ट बोकारो ऑ०पी०; पु.अ.नि. संजय बेदिया, वेस्ट बोकारो ऑ०पी० और स.अ.नि. राजेश कुमार राय शामिल हैं।

 

पुलिस की सक्रियता और तकनीकी अनुसंधान ने इन गंभीर मामलों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आगे भी पुलिस टीम फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत रहेगी।

Related Posts