Regional

रांची में दुर्गा पूजा: महिला शक्ति का प्रतीक बनीं कल्पना सोरेन

न्यूज़ लहर संवाददाता
रांची: हर तरफ दुर्गा पूजा की धूम है। राजधानी रांची में अलग-अलग थीम पर बनाए गए पूजा पंडाल लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। इसी कड़ी में नामकुम इलाके में जय माता दी दुर्गा पूजा समिति का पूजा पंडाल और उसमें स्थापित मूर्तियां चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

इस पूजा पंडाल में गांडेय विधायक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन की आदमकद प्रतिमा लगाई गई है। इसके साथ ही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की बेटी रोहिणी आचार्य, महिला पहलवान और कांग्रेस नेत्री विनेश फोगाट की प्रतिमाएं भी पंडाल के अंदर स्थापित की गई हैं।

कल्पना सोरेन की प्रतिमा को नारी शक्ति और देवी दुर्गा का रूप बताते हुए उन्हें विपक्षियों पर भारी बताया गया है। वहीं, रोहिणी आचार्य को भी देवी दुर्गा का रूप और विनेश फोगाट को देश का मान बढ़ानेवाली और दुश्मनों से लड़नेवाली बताया गया है।

घर की महिलाओं को देवी रूप में पूजें: विनोद सिंह

पूजा समिति के मुताबिक, पूजा पंडाल में महिलाओं की प्रतिमा लगाकर यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि लोग अपने-अपने घरों में महिलाओं को देवी रूप में पूजें। जय माता दी दुर्गा पूजा समिति पिछले पांच वर्षों से लगातार दुर्गा पूजा धूमधाम से मनाती आ रही है।

पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह बताते हैं कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद कल्पना सोरेन ने जिस तरीके से विपक्षियों का मुकाबला करते हुए खुद को एक उभरती हुई महिला नेता के रूप में स्थापित किया, उससे समाज की अन्य महिलाओं को भी सीखने की जरूरत है।

इस प्रकार, रांची में दुर्गा पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि नारी शक्ति का उत्सव भी बन चुकी है।

Related Posts